2026-03-07

होली में लड़की से छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोप में 2 गिरफ्तार, 20 पर मुकदमा दर्ज

रैबार डेस्क: देहरादून में होली के त्योहार की आड़ में अराजकता फैलाने और युवती से छेड़छाड़ और उसके दोस्त से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की।

जानकारी के मुताबिक 5 मार्च को राजीव नगर निवासी एक युवक ने थाना नेहरू कॉलोनी में दी तहरीर में बताया कि होली के दौरान वह अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ा था। उसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनकी महिला मित्र के साथ रंग लगाने के बहाने छेड़छाड़ और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 74/115(2)/333/191(2)/304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी दून के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों विकास रावत (40 वर्ष) पुत्र डी.एस. रावत, निवासी गंगोत्री निवास, राजीव नगर और संजीव नेगी (30 वर्ष) पुत्र भगत सिंह नेगी, निवासी 232 दीप नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक  युवती अपने घर के बाहर होली खेलने के बाद स्कूटी पर बैठी थी। उसी दौरान दो व्यक्ति रंग लगाने की जिद करने लगे और मना करने पर छेड़खानी करने लगे। तभी युवती का दोस्त वहां आया और इसका विरोध करते हुए दोनों गेट के भीतर आ गए। लेकिन, मनचले व्यक्ति यहीं नहीं रुके और घर के भीतर घुस आए। इसके बाद जो कुछ भी हुआ, वह घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आवाज के साथ रिकॉर्ड हो गया।  हद तो तब हो गई जब, छेड़खानी करने वाले दोनों व्यक्ति बड़ी संख्या में लोगों को लेकर युवती के घर में घुस आए और कानून को ताक पर रखकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। युवती और उनके परिवार के मित्र को जब इस बात का पता चला तो वह तुरंत वहां पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि उग्र भीड़ और छेड़खानी करने वाले व्यक्तियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इस मामले में पीड़ित परिवार और उनके परिचितों ने मेडिकल करवाया है। साथ ही पुलिस को तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed