2026-08-08

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने हल्द्वानी से किया चुनावी विजय का शंखनाद, सत्ता में लौटने का लिया संकल्प

रैबार डेस्क : उत्तराखंड में 10 साल से सत्ता से बाहर बैठी कांग्रेस अब वापसी की राह देख रही है। इसके लिए कांग्रेस ने अपने स्टार नेताओं के ताबड़तोड़ कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। इसी कडीमें हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। खड़गे ने लोगों से आह्वान किया कि इस बार सत्ता परिवर्तन की शुरुआत उत्तराखंड से होनी तय है।

खड़गे ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जाना जाता है, यह वीरों की भूमि भी है और इस पावन भूमि को मैं नमन करता हूं। उन्होंने कहा कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट पूरे देश में प्रसिद्ध हैं, इसी धरती से निकले वीर सपूत को पहला परमवीर चक्र मिला, इसलिए आप सभी गर्व से कह सकते हैं कि हम देश की रक्षा करने वाले लोग हैं। खड़गे ने कहा कि आज पवित्र दिन है, क्योंकि महात्मा गांधी जी ने 8 अगस्त 1942 को ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन’ की शुरुआत की थी, आज से कांग्रेस भी बड़े अभियान की शुरूआत कर रही है।

खड़गे ने कहा कि आज भारत का पूरा एजुकेशन  और एंप्लॉयमेंट सिस्टम तबाह हो चुका है। डिग्री तो मिल रही है, लेकिन हाथ में हुनर नहीं है। नई शिक्षा नीति 2020 ने 2025 तक 50% छात्रों को वोकेशनल एजुकेशन से जोड़ने का लक्ष्य रखा, जिसका 2% ही जमीन पर उतर सका है। सारी योजना हवा हवाई है।दूसरी तरफ़ सरकार की आर्थिक नीतियों ने रोजगार पैदा करने वाले निवेश के बजाय कुछ चुनिंदा बड़े उद्योग समूहों को फायदा पहुँचाने का काम कर रही है।

खड़गे ने कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं से लेकर कई अन्य भर्तियों तक, पेपर लीक एक उद्योग बन गया है। नौकरियाँ बिकती हैं। भर्ती माफिया फल-फूल रहा है। नौकरी उनको मिलती है जिनके पास पैसा और BJP में कनेक्शन  हैं। खड़गे ने कहा कि  हमने पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे नौजवानों का साथ दिया। पिछले कई दिनों से संसद के भीतर भी हम उनके साथ हुई बर्बरता के खिलाफ आवाज़ उठाई। लेकिन बीजेपी ने   बच्चों पर पैलेट गन चलाई, वाटर कैनन चलाए।हम लगातार सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन न प्रधानमंत्री जवाब दे रहे हैं, न गृह मंत्री।

दिनभर रही गरमागरमी

इससे पहले हल्द्वानी का माहौल दिनभर गरमाया रहा। खड़गे के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एसएसपी दफ्तर पहुंचे औऱ वहीं पर धरने पर बैठ गएष। उनका आरोप था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में आने से रोका जा रहा है। उनके वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा, उन्हे चेकिंग के नाम पर परेशान किय जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed