देहरादून: बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
रैबार डेस्क: देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, इस पर बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों को इलाज के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। घायल बदमाशों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना बताया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी देर रात भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोटरसाइकिल से घूम रहे दोनों आरोपियों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए भागने का प्रयास किया था
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया है कि आरोपियों ने पहले में पटेल नगर और विकास नगर क्षेत्र में शाम के समय बंद घरों की रेकी कर कई चोरी/नकबजनी की घटनाओं का अंजाम दिया गया था। घटनाओं में मिले माल को उनके द्वारा हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था, दोनों आरोपी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हरिद्वार से देहरादून आए थे. पटेलनगर और उसके आसपास के क्षेत्र में घूम कर बंद घरों की रेकी कर रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल में टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं, जिनके खिलाफ हरिद्वार ओर देहरादून में गैंगस्टर समेत कई आपराधिक घटनाओं के दर्जनों मुकदमे पंजीकृत है।
