2026-11-05

दीवाली से पहले राज्य के कर्मचारियों की मौज, धामी सरकार ने 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता

रैबार डेस्क:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीवाली से पहले राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को सीएम धामी ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर में 3 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 1 जुलाई, 2026 से 63 प्रतिशत किया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता दिए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

इस निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ ही स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पात्र कार्मिकों को भी मिलेगा।

चार महीने का नकद एरियर भी मिलेगा

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ 1 जुलाई 2026 से मिलेगा. वहीं, 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक के DA के अंतर की राशि कर्मचारियों को नकद एरियर के रूप में दी जाएगी। इस फैसले से कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ पिछले चार महीनों का बकाया भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed