माइनस 7 डिग्री पारा, 20हजार फीट ऊंचाई और एक संकल्प, आदि कैलाश से देशभर में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश
रैबार डेस्क: 20 हजार फीट की ऊंचाई, माइनस 7 डिग्री की ठंड और नशामुक्ति के संकल्प के साथ ज्जबे वाली अल्ट्रा रन। सजग इंडिया की ओर से नशामुक्त भारत के संदेश के साथ आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इस आयोजन में 23 राज्यों के करीब 1100 धावकों ने प्रतिभाग कर नशामुक्त भारत का संदेश दिया है। मैराथन में शामिल धावकों को अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जोड़कर देशभर में युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल एवं फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने कहा कि आदि कैलाश से शुरू हुआ नशा मुक्त युवा–विकसित भारत&य का संकल्प अब पूरे देश के युवाओं तक पहुंचाया जाएगा। ललित जोशी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें नशे से दूर रखकर खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुश्किल हालात, मजबूत संकल्प
करीब 20 हजार फीट की ऊंचाई पर माइनस 7 डिग्री तापमान में आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन में इस बार दौड़ की दूरी 60 किलोमीटर से बढ़ाकर 70 किलोमीटर की गई। उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने मैराथन और अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कम तापमान के बीच धावकों ने प्रतिभाग कर फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
